खिलाड़ियों को जल्द मिले आउट ऑफ टर्न नौकरी, नई खेल नीति भी जल्द बने: सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकतर खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने की कार्ययोजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप उत्तराखंड की नई खेल नीति तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने, प्रवेश प्रक्रिया और कोच, कर्मचारियों व अधिकारियों की नियुक्ति में तेजी लाने को कहा।
सीएम धामी ने ‘एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम’ योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के बेहतर रखरखाव और उपयोग के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 39वें राष्ट्रीय खेल-2027 की तैयारियां अभी से शुरू करते हुए खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएं और खेल संघों के सहयोग से प्रतिभाओं का चयन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने ‘एक जिला-एक स्पोर्ट्स’ (ODOS) योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक जिला खेल छात्रावास को संबंधित जिले के निर्धारित खेल की नर्सरी के रूप में विकसित किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके।
बैठक में बताया गया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है। 48 मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 10 मिनी स्टेडियमों का निर्माण कार्य जारी है। वहीं लोहाघाट में देश के पहले महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है और इसके लिए 16 पद सृजित किए जा चुके हैं।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि उत्तराखंड के पहले और देश के दसवें राज्य खेल विश्वविद्यालय, गोलापार में पुस्तकालय, स्वास्थ्य केंद्र, शूटिंग रेंज, बैडमिंटन हॉल, हॉकी व फुटबॉल मैदान, 8-लेन एथलेटिक्स ट्रैक सहित 39 खेल अवसंरचना परियोजनाओं का विकास किया जा रहा है।
बैठक में खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



