देहरादून

जनता दरबार में उमड़ा हताश लोगों का सैलाब

130 फरियादी, 130 कहानियाँ और बस एक उम्मीद कि सिस्टम सुनेगा

ऋषिपर्णा सभागार सोमवार को सिर्फ एक सरकारी हॉल नहीं था, वह उन 130 चेहरों का आईना था जो किसी न किसी दर्द, किसी अन्याय और किसी उपेक्षा की कहानी लेकर पहुंचे थे। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर लगाए गए जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा लोगों की फरियादें सुन रहे थे कुछ शिकायतें वहीं निपट रहीं, कुछ नए कागजों में बंधकर संबंधित दफ्तरों की ओर रवाना हो रही थीं। लेकिन असल सवाल वही पुराना, क्या सरकारी दीवारें इन आवाज़ों को आख़िरकार सुनेंगी?
आमवाला निवासी बुजुर्ग विद्या देवी आँसू पोंछते हुए कहती हैं बेटा और बहू ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। शिव कॉलोनी की मंगला भी यही कहानी दोहराती हैं पति ने घर से बाहर किया, खर्च तक नहीं देता।
इन दोनों मामलों में एसडीएम सदर को भरण-पोषण में वाद दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
लक्ष्मण चौक की एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनके अपने ही पुत्र और परिवारजन उन्हें प्रताड़ित करते हैं। प्रशासन ने कोतवाली को जांच के आदेश दिए।
68 वर्षीय जसपाल सिंह की कहानी हमारे समाज का बेरहम सच है।
बेटा 14 साल से दुबई में है न लौटता है, न एक रुपया भेजता है, वह कहते हैं। पीछे तीन बच्चे और बहू हैं, सबका खर्च यह बीमार बुजुर्ग उठा रहे हैं। अब बीमारी बढ़ी है, कमर टूटी है पर जिम्मेदार बेटा गायब। बुजुर्ग ने भरण-पोषण और कार्रवाई की गुहार लगाई।
दिव्य विहार निवासी रेखा देवी ने बेटी की शादी के लिए मदद मांगी।
जवाहर कॉलोनी के शमशाद और दृष्टि दिव्यांग सुरेश ने आर्थिक सहायता और रोजगार का सवाल उठाया। प्रियंका धीमान ने अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक मदद मांगी। बेचू राम, जो मजदूरी कर जीवन चला रहे हैं, अपने बोल सुन न पाने वाले बच्चे की पढ़ाई को लेकर चिंतित दिखे। शिक्षा अधिकारी को बच्चे की पढ़ाई में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार की कुर्सियों पर बैठे लोग सिर्फ फाइलें नहीं थे; वे कहानियाँ थे उपेक्षा की, संघर्ष की, और उम्मीद की। अपर जिलाधिकारी मिश्रा ने कई मामलों को मौके पर ही निपटाया, और बाकी को विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा।
एसडीएम स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पाण्डेय, तहसीलदार विवेक राजौरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

भूमाफ़िया, अवैध कब्जे और सीवर–सड़क की लड़ाई

गढ़ी कैंट में भूमाफियाओं द्वारा भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत: एसडीएम को जांच के आदेश।

विकासनगर नयागांव में 15 लाख की धोखाधड़ी कर जमीन कब्जाने का मामला: एसएचओ को जांच के निर्देश।

सहसपुर में सिंचाई गूल बंद: सिंचाई विभाग को तत्काल समाधान के आदेश।

  uttarakhand-van-vikas-nigam-auction  

सहस्त्रधारा रोड पर अवैध निर्माण: एमडीडीए को नोटिस और कार्रवाई।

फूलेत–क्यारा मोटर मार्ग पर डामरीकरण: पीएमजीएसवाई को त्वरित कार्यवाही का आदेश।

मधुर विहार में सीवर लाइन नहीं: पेयजल निगम को निरीक्षण का निर्देश।

कैलाशपुर शिव मंदिर के पास क्षतिग्रस्त नालियां: लोनिवि को तुरंत कार्यवाही।

नौगांव में टूटी पानी की लाइन: जल निगम को ठीक करने के निर्देश।

सिडकुल भूमि पर अवैध कब्जा और पेड़ों की कटाई: डीएफओ कालसी को कार्रवाई का आदेश।

Show More

Related Articles