जीएसटी बचत उत्सव में बोले सीएम धामी: व्यापारी दें ग्राहकों को पूरी जानकारी
दरों में कटौती से जनता को बड़ा लाभ:धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के पटेलनगर में आयोजित ‘जीएसटी बचत उत्सव’ जागरूकता कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से घटी हुई जीएसटी दरों के बारे में फीडबैक लिया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक सुधारों का नया युग शुरू हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उपभोक्ता वस्तुओं पर जीएसटी दरों में की गई कमी से आम जनता को सस्ता सामान मिलने का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे ग्राहकों को नई दरों की पूरी जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका फायदा उठा सकें।
मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि इससे न केवल स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि प्रदेश और देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बल मिलेगा।
कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों और आम नागरिकों ने जीएसटी दरों में कटौती पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि नवरात्रि पर्व की शुरुआत पर सरकार द्वारा लिया गया यह कदम बाजारों में उत्साह और खरीदारी में बढ़ोतरी लेकर आया है। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि जीएसटी बचत उत्सव का यह असर आगामी दीपावली पर्व तक बना रहेगा।
इस कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिला, और भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



