देहरादून

दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने दिया आत्मनिर्भर भारत का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शिरकत की। समारोह की शुरुआत उन्होंने दीप प्रज्वलन कर की और इसके पश्चात दीपावली पर्व पर विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, विधायक सुरेश गढ़िया, खजान दास सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकाश, सद्भाव, समृद्धि और सकारात्मकता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दीपावली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश के आर्थिक और सामाजिक विकास की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी लागू की गई है, जिससे व्यापारिक माहौल सरल हुआ है। जीएसटी दरों में कमी के चलते यह दीपावली ‘महा बचत उत्सव’ के रूप में मनाई जा रही है, जिससे व्यापारी और उपभोक्ता दोनों लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2028 तक भारत को विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की संभावनाएं जताई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के विज़न के अनुरूप राज्य को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में सतत कार्य कर रही है।

Show More

Related Articles