देहरादून

दून और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को मिले 12 विशेषज्ञ चिकित्सक

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज और पं. रामसुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में विभिन्न संकायों के लिए एक दर्जन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। इन नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेजों में संकाय सदस्यों की कमी दूर होगी, जिससे मेडिकल छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सकेगा। साथ ही शोध कार्यों और संबद्ध अस्पतालों की क्लीनिकल सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित प्रदेश के सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है। इसका उद्देश्य छात्रों को उच्चस्तरीय शैक्षणिक वातावरण और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति की अध्यक्षता में गठित साक्षात्कार समिति द्वारा वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों का चयन किया गया।
चयन समिति द्वारा कुल 12 विशेषज्ञ चिकित्सकों का चयन किया गया है, जिनमें से 8 चिकित्सकों की नियुक्ति राजकीय दून मेडिकल कॉलेज और 4 चिकित्सकों की नियुक्ति रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में की गई है। दून मेडिकल कॉलेज में रेडियो डायग्नोसिस विभाग में प्रोफेसर पद पर डॉ. ब्रजेन्द्र नाथ त्रिपाठी का चयन हुआ है। वहीं माइक्रोबायोलॉजी में डॉ. मनीष कुमार, ब्लड बैंक में डॉ. सनोबर शमीम, ऑर्थोपेडिक्स में डॉ. मयंक सिंघल, एंटीनेटल चाइल्ड केयर में डॉ. सारा गुलेरिया, मेटरनिटी चाइल्ड हेल्थ केयर में डॉ. रूचि कर्नाटक तथा एनेस्थीसिया विभाग में डॉ. पूजा सांगोले और डॉ. इशिता बहुखंडी को असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में ऑब्स एंड गायनी विभाग में डॉ. प्रेरणा छाबड़ा, ईएनटी में डॉ. ललित सिंह पोखरिया, माइक्रोबायोलॉजी में डॉ. मयूरी श्रीवास्तव तथा स्किन रोग विभाग में डॉ. चिराग सैनी को असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयनित किया गया है।
सभी चयनित विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति संविदा के आधार पर तीन वर्ष अथवा नियमित नियुक्ति होने तक (जो पहले हो) के लिए की गई है। इन नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ शोध और क्लीनिकल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों और मरीजों को मिलेगा।

रिसर्च और क्लीनिकल सेवाओं को मिलेगी मजबूती

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि दून और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में एक दर्जन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति से न केवल छात्रों को उच्चस्तरीय शिक्षण मिलेगा, बल्कि रिसर्च और क्लीनिकल सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ करना है।

Show More

Related Articles