दून पुलिस के लिए गौरव का क्षण
एसएसपी अजय सिंह को महामहिम राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती समारोह के शुभ अवसर पर दून पुलिस के लिए गर्व और सम्मान का पल रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को उनकी उत्कृष्ट व सराहनीय सेवाओं के लिए महामहिम राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित रजत जयंती रैतिक परेड के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने एसएसपी देहरादून अजय सिंह को राष्ट्रपति पदक से अलंकृत किया।
यह सम्मान उन्हें कानून-व्यवस्था की मजबूती, जनसंपर्क में उत्कृष्टता, संवेदनशील पुलिसिंग और नवाचारपूर्ण नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड में उपस्थित पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने इस गौरवशाली क्षण का तालियों से स्वागत किया। सम्मान ग्रहण करते हुए एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि यह पुरस्कार पूरे दून पुलिस परिवार की मेहनत, अनुशासन और जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भविष्य में और बेहतर सेवा के लिए प्रेरणा देगा।
गौरतलब है कि अजय सिंह उत्तराखंड पुलिस के उन युवा और ऊर्जावान अधिकारियों में से एक हैं जिन्होंने अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, महिला सुरक्षा और साइबर क्राइम रोकथाम के क्षेत्र में कई नवाचारपूर्ण पहलें की हैं। उनके नेतृत्व में देहरादून पुलिस ने मिशन मर्यादा, ऑपरेशन मुस्कान और सेफ सिटी प्रोजेक्ट जैसे अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित किया है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर उत्तराखंड पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की पुलिस ने सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट कार्य किया है और राज्य की शांति, सुरक्षा और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।



