देहरादून

देहरादून में जनता दरबार: डीएम सविन बंसल के सामने दर्द लेकर पहुंचे लोग

शिकायतें कई कहीं बेटियों ने छला तो कहीं बहुओं ने घर पर किया कब्ज़ा

सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार एक बार फिर उन लोगों की आवाज़ से भर गया, जिनकी समस्याएं कागज़ों और दफ्तरों में महीनों से अटकी थीं। जिलाधिकारी सविन बंसल के जनता दर्शन कार्यक्रम में दूर-दराज़ से आए लोगों ने घरेलू विवादों से लेकर जमीन-जायदाद, पेंशन, आर्थिक सहायता और ऋण माफी जैसी 176 शिकायतें रखीं।
डीएम ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया और बाकी प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए स्पष्ट कहा जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है, देरी किसी हाल में बर्दाश्त नहीं।
जनता दरबार में सबसे ज़्यादा पीड़ा उन बुजुर्गों की आवाज़ में दिखी जिनके अपने ही अपनों के खिलाफ खड़े थे।
चलने-फिरने में असमर्थ प्रेम सिंह अपनी बेटी पर बैंक खाते से 10 लाख की धोखाधड़ी का आरोप लेकर पहुंचे। मामला सुनते ही डीएम ने लीड बैंक अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग मुन्नी देवी ने बताया कि पति की मौत के बाद छोटे बेटे ने घर और बैंक जमा पूंजी फर्जी वसीयत बनाकर अपने नाम करा ली। डीएम ने तत्काल भरण-पोषण एक्ट में वाद दायर करने और वसीयत की कानूनी जांच कराने का आदेश दिया।
60 वर्षीय लता त्यागी ने आरोप लगाया कि बहू घर कब्ज़ाने के बाद उन्हें बाहर निकालना चाहती है। डीएम ने इस मामले में भी भरण-पोषण एक्ट के तहत वाद दायर कराया।
दुर्गा नगर निवासी राधा के मुताबिक उन्होंने बेटी को रहने के लिए घर दिया था, लेकिन पिता की मौत के बाद बेटी ने ही उसे फर्जी रजिस्ट्री कर अपने नाम करा लिया। डीएम ने एडीएम को सब-रजिस्ट्रार से रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए।
नेहा ने बैंक से लिए 5 लाख के ऋण की माफी की गुहार लगाई। पति की आकस्मिक मृत्यु और आर्थिक तंगी को देखते हुए डीएम ने लीड बैंक अधिकारी को जांच करने को कहा।
शारीरिक रूप से दिव्यांग वकील साहनी की पेंशन न लगने की शिकायत पर डीएम ने मौके पर ही दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कर दी।
दोनों विधवाओं की पीड़ा सुनकर डीएम ने एसडीएम को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
गरीब परिवार की सपना ने नर्सिंग की पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक मदद मांगी। डीएम ने डीपीओ को प्रकरण की जांच करने को कहा।
जनता दर्शन में सिर्फ व्यक्तिगत पीड़ा ही नहीं थी, बल्कि सिस्टम की लापरवाहियों के कई परदे भी उठे।
भानियावाला, जॉली से थानों तक कोई बस सेवा न होने की शिकायत पर डीएम ने एडीएम से रिपोर्ट मांगी।
थानों क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध पेड़ कटान की शिकायतों पर डीएम ने त्वरित जांच के आदेश दिए। जोलियो और झाझरा क्षेत्र में ग्राम समाज व वन पंचायत जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर तहसीलदार व नगर आयुक्त को कार्रवाई का निर्देश दिया गया।सुंदरवाला निवासी ओमकार शर्मा की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को त्वरित कार्रवाई को कहा गया। पुनीत अग्रवाल ने घर से चोरी हुए आभूषणों और नकदी की बरामदगी की मांग की। डीएम ने सीओ पुलिस को स्वयं मामले की समीक्षा कर रिपोर्ट देने को कहा।
अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त घरों के लिए मौ. इक़बाल, शाहिद, फहीम, फुरकाना और खुर्शीद अहमद ने आर्थिक मदद की गुहार लगाई। कुल मिलाकर डीएम सविन बंसल ने उपस्थित अफसरों सीडीओ अभिनव शाह, एसडीएम हरिगिरी-विनोद कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता के हर मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए।

Show More

Related Articles