नकल माफिया को भाजपा का संरक्षण, नकल जेहाद कहकर कर रहे भटकाने की कोशिश: धस्माना
26 सितंबर को कांग्रेस का धरना: पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग

यूके ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक मामले में प्रदेशभर में आक्रोशित युवाओं के साथ अब कांग्रेस पार्टी भी सड़कों पर उतरने जा रही है। कांग्रेस ने 26 सितंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना देने की घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए, यही पार्टी की प्रमुख मांग है।
धस्माना ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार नकल और पेपर लीक की जांच कराने के बजाय अब इसे ‘नकल जेहाद’ का नाम देकर मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नकल माफिया को सत्ता पक्ष का संरक्षण प्राप्त है और अब जनता सबकुछ समझ चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के निर्देश पर पार्टी के जिला और महानगर अध्यक्ष 26 सितंबर को अपने-अपने जिलों में जिला मुख्यालयों पर धरना देंगे और जिलाधिकारियों के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर सीबीआई जांच की मांग करेंगे।
धस्माना ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत सीबीआई जांच की सिफारिश नहीं की, तो कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास और राजभवन का घेराव करेंगे।



