पूर्व सैनिकों के बीच भावुक हुए मंत्री गणेश जोशी
देहरादून में ‘देवभूमि मेगा पूर्व सैनिक रैली’, राज्यपाल और सीडीएस अनिल चौहान रहे मौजूद

जसवंत सिंह ग्राउंड, गढ़ी कैंट में शनिवार को आयोजित ‘देवभूमि मेगा पूर्व सैनिक रैली’ में प्रदेश भर से हजारों पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने हिस्सा लिया। इस गरिमामयी आयोजन में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्य रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने विशेष रूप से भाग लिया।
रैली के शुभारंभ में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपनी सैन्य पृष्ठभूमि को गर्व से साझा करते हुए कहा मैं 4057572 राइफलमैन गणेश जोशी, गढ़वाल राइफल का जवान था। अगर सैनिक पृष्ठभूमि न होती, तो शायद विधायक या मंत्री भी नहीं बन पाता।
उनकी इस आत्मीयता भरी बात से पूरा मैदान ‘जय हिंद’ के नारों से गूंज उठा। कई पूर्व सैनिकों की आंखें नम हो गईं।
मंत्री जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की सरकार, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा उत्तराखंड के राज्यपाल स्वयं पूर्व सैनिक हैं, मुख्यमंत्री पूर्व सैनिक के पुत्र हैं, और मैं भी एक सैनिक रहा हूं। इससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों के लिए संवेदनशील है।
जोशी ने बताया कि देहरादून के गुनीयाल गांव में सैन्य धाम का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। यह धाम न केवल एक स्मारक होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति, बलिदान और शौर्य की मिसाल बनेगा।
इस धाम में राज्य के 1734 शहीदों के आंगन की मिट्टी और 28 नदियों का पवित्र जल एकत्र कर अमर जवान ज्योति में प्रतिस्थापित किया गया है।
गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय ले चुकी है।
शहीदों को हम वापस नहीं ला सकते, लेकिन उनके बलिदान का सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है।
मंत्री जोशी ने बताया कि उत्तराखंड सब एरिया को गोल्फ कार्ट प्रदान किए गए हैं, जिनका वित्त पोषण उपनल (उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम) द्वारा किया गया है। ये कार्ट वृद्धजनों, दिव्यांग और असहाय पूर्व सैनिकों के उपयोग के लिए समर्पित किए गए हैं।
कार्यक्रम में मंत्री जोशी ने सीडीएस अनिल चौहान को हाऊस ऑफ हिमालयास के स्थानीय उत्पादों की एक विशेष कीट भेंट की, जो उत्तराखंड की पारंपरिक और जैविक उत्पाद श्रृंखला का हिस्सा हैं।



