प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नवीन जोशी जनसंवाद से जनसमर्थन कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए कैंट की जनता से हुए रूबरू

देहरादून।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नवीन जोशी ने मेयर एवं पार्षदों के चुनाव के मद्देनजर चलाये जा रहे जनसंवाद से जनसमर्थन कार्यक्रम के तहत आज कैंट विधानसभा क्षेत्र के कौलागढ़ क्षेत्र में सघन दौरा कर आम जनता से सम्पर्क कर आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में समर्थन की अपील की।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने कांग्रेस पार्टी के विजन को आम जनता के सामने रखते हुए कांग्रेस पार्टी की ओर से जन समस्याओं के त्वरित निवारण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मेयर एवं बोर्ड बनने पर जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जायेगा। उन्होंन कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर हुए निर्माण कार्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जायेगी। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि अभी तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून नगर निगम के कई इलाकों में आम जनता से सम्पर्क किया है तथा सभी जगह जनता भाजपा के शासन से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि आज महानगर का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां पर बुनियादी सुविधायें चुस्त दुरूस्त हों। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर पूरा देहरादून खुदा पडा है, टूटी हुई सडकों पर रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं परन्तु सरकार कोई ठोस पहल नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर महानगर की जनता भाजपा सरकार की अव्यवस्था के चलते भारी दिक्कतों का सामना कर रही है।
इस अवसर पर नवीन जोशी ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी को समर्थन करें जिससे उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। इस अवसर पर पिया थापा ,अनिल बस्नेत राजेंद्र धवन प्रदीप डोभाल आदि अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।



