बहुउद्देशीय शिविर में 29 विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और लाभ वितरण की जानकारी ली
17 शिकायतों का मौके पर समाधान

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बुरांसखंडा में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 29 विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और लाभ वितरण की जानकारी ली।
शिविर के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने महिला कल्याण विभाग की लाभार्थियों को महालक्ष्मी योजना और किशोरी किट प्रदान की, वहीं उद्यान विभाग के माध्यम से किसानों को निःशुल्क बीज वितरित किए गए। मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
शिविर में कुल 48 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 17 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निर्देश दिए गए। इस दौरान कुछ विभागों के सक्षम अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने एसडीएम को एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या के कारण कुछ मामलों के समाधान में कठिनाई आई, जिसे शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने घोषणा की कि 16 जनवरी को सुवाखोली में भी बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सरकार, जनता के द्वार के संकल्प के साथ न्याय पंचायत स्तर पर सीधे गांवों में पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है। इस अवसर पर मंत्री ने चलचला गांव में सामुदायिक भवन तथा बुरांसखंडा में उद्यान विभाग के सचल दल केंद्र की स्थापना की भी घोषणा की।
मंत्री ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान शासन-प्रशासन और आमजन के बीच सेतु बनकर उभरा है और यह कार्यक्रम प्रदेश में सुशासन, संवेदनशीलता और त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति योजनाओं और सेवाओं से वंचित न रहे।
इस अवसर पर राज्यमंत्री देवेंद्र भसीन, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, एसडीएम राहुल आनंद, ग्राम प्रधान ऊषा देवी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



