मनोज कुमार गुप्ता ने ली उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति पद की शपथ

उत्तराखंड उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने शनिवार को अपने पद की शपथ ग्रहण की। लोक भवन, देहरादून में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भारत की राष्ट्रपति द्वारा न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायमूर्ति नियुक्त किए जाने से संबंधित अधिपत्र का वाचन किया।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली, उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, खजान दास, प्रदीप बत्रा एवं सविता कपूर, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, नैनीताल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता, राज्यपाल के विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी सहित वरिष्ठ न्यायमूर्तिगण, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य विशिष्टजन मौजूद रहे।
समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने नवनियुक्त मुख्य न्यायमूर्ति को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।



