मसूरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जोशी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित अपने कैंप कार्यालय में जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान मंत्री जोशी ने अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य जनहित को प्राथमिकता में रखते हुए निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं।
मंत्री जोशी ने कहा कि मसूरी शहर में पेयजल संकट को दूर करने के लिए यमुना पेयजल पंपिंग योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना के माध्यम से शहरवासियों को नियमित एवं पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि पेयजल जैसी आवश्यक सेवा में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और तत्परता दोनों जरूरी हैं। जनता को सुविधा मिले, यही हमारी प्राथमिकता है।
बैठक में जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारीगण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मंत्री ने सभी को क्षेत्र में चल रहे कार्यों की सतत निगरानी करने और जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।



