मुख्यमंत्री धामी ने बालिकाओं को बांटे स्मार्टफोन,अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर 326 मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित
नारी शक्ति से ही समाज की तरक्की संभव: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर की 326 मेधावी बालिकाओं को स्मार्टफोन देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं ने इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
हाईस्कूल परीक्षा में 90 प्रतिशत सफलता, जिसमें बालिकाओं की सफलता दर 93 प्रतिशत से अधिक रही।
इंटरमीडिएट परीक्षा में 83 प्रतिशत सफलता, जिसमें बालिकाओं की सफलता दर 86 प्रतिशत से अधिक रही।
मुख्यमंत्री ने कहा नारी शक्ति यदि प्रगति कर रही है, तो उस राज्य के विकास को कोई नहीं रोक सकता। बेटियों का शिक्षित होना सिर्फ परिवार नहीं, पूरी पीढ़ी को संवारता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राज्य सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण सहित कई योजनाएं शुरू की हैं, जैसे मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, नंदा गौरा योजना शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से बालिकाएं शिक्षा, स्वरोजगार, स्टार्टअप्स और सरकारी सेवाओं में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, बालिका समृद्धि योजना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी योजना जैसी पहलों को नारी सम्मान का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए मुफ्त साइकिल योजना, महिला छात्रावास निर्माण, और ‘बालिका शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम’ चलाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे पिछले 4 वर्षों में 25,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रयास हुए हैं। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के बाद उत्तराखंड में बेटियों के लिंगानुपात में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, सचिव चन्द्रेश कुमार, महिला सशक्तिकरण विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।



