मुख्यमंत्री ने किया पर्यटन और संस्कृति के प्रतिभावानो को सम्मानित
नीति में आयोजित होने वाले अल्ट्रा मैराथन रेस का लोगो अनावरण किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र, गढ़ी कैण्ट में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड @25 रोमांच, अध्यात्म और अनोखी संस्कृति का उत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नीति में आयोजित होने वाले अल्ट्रा मैराथन रेस का लोगो अनावरण किया और पर्यटन विभाग द्वारा तैयार थ्रोन ऑफ द गॉड्स कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा 13 जिलों के उत्कृष्ट होम स्टे संचालकों और राज्यभर के एस्ट्रो टूर गाइड एवं टूर मैनेजर को भी सम्मानित किया। काला नाग चोटी का सफल आरोहण करने वाले पर्यटन विभाग चयनित पर्वतारोहियों और आईटीबीपी के 13 सदस्यीय दल को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत जयंती पर्व के सभी कार्यक्रमों की सफलता सभी विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने राज्य निर्माण के 25 वर्ष में हुई तेज़ उन्नति और आंदोलनकारियों की तपस्या की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और कनेक्टिविटी सहित सभी क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। जहां कभी सड़क बनना मुश्किल था, वहां अब ऑल-वेदर रोड तैयार है। संचार का सपना अब डिजिटल उत्तराखंड में बदल चुका है।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) योजना के माध्यम से हजारों युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है। पर्यटन एवं आतिथ्य कौशल विकास कार्यक्रमों के तहत 8,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पैराग्लाइडिंग, ट्रेकिंग, रिवर राफ्टिंग, माउंटेन बाइकिंग जैसे रोमांचक खेलों और एस्ट्रो टूरिज्म, वेड-इन-उत्तराखंड, स्पिरिचुअल डेस्टिनेशन डेवलपमेंट से राज्य में पर्यटन को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने बताया कि नई पर्यटन नीति के तहत 207 से अधिक निवेशकों की 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि उत्तराखंड की शक्ति इसकी आध्यात्मिक शक्ति है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे धार्मिक स्थल न केवल प्रदेश बल्कि भारत की आस्था और ऊर्जा के केंद्र हैं।



