मुख्य सचिव, रेलवे और राज्य सरकार के बीच हुई समन्वय बैठक
महाकुंभ 2033 और बाईपास प्रोजेक्टों पर तेजी के निर्देश, ऋषिकेश-डोईवाला रेलवे बाईपास, हरार्वाला स्टेशन विस्तार और हरिद्वार-देहरादून डबल लेन को लेकर लिए गए अहम फैसले

सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में राज्य सरकार और डीआरएम मुरादाबाद श्री संग्रह मौर्य के मध्य एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में चल रहे रेलवे परियोजनाओं और आगामी महाकुंभ 2033 को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि ऋषिकेश-डोईवाला रेलवे बाईपास के लिए राजाजी नेशनल पार्क, रेलवे और डीएफओ की संयुक्त टीम द्वारा शीघ्र संयुक्त सर्वेक्षण कराया जाए।
साथ ही वाइल्डलाइफ क्लीयरेंस और फॉरेस्ट क्लीयरेंस की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए। हरार्वाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण कार्य में भी तेजी लाने के लिए वन, राजस्व और रेलवे की संयुक्त टीम को निर्देशित किया गया।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि हरिद्वार-देहरादून रेलमार्ग का डबल लेन निर्माण महाकुंभ से पहले अनिवार्य है। उन्होंने रेलवे को ट्रैफिक मैनेजमेंट सकुर्लेशन प्लान तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने, हरिद्वार और ऋषिकेश रेलवे स्टेशनों को फेसलिफ्टिंग योजना में शामिल करने का भी निर्देश दिया।
मुख्य सचिव ने महाकुंभ से जुड़ी तैयारियों के लिए रेलवे से एक मेला अधिकारी नामित करने और राज्य सरकार के साथ सूचना आदान-प्रदान के लिए समन्वय तंत्र (मैकेनिज्म) विकसित करने की बात भी कही। मुख्य सचिव ने पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए एक व्यापक मोबिलिटी प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, जिसमें सभी प्रकार के यातायात साधनों को शामिल करते हुए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखा जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव बृजेश कुमार संत, सचिव सी. रविशंकर, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा, एमडीडीए उपाध्यक्ष, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।



