देहरादून

लोक संस्कृति और खेल से जुड़े ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ते हैं: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज छाम, टिहरी गढ़वाल में सांस्कृतिक विकास समिति द्वारा आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत पंजीकरण कराने वाले लोगों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने भगवान नागराजा की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन लोक-संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का ऐतिहासिक कार्य हो रहा है। अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल कॉरिडोर और बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम के भव्य विकास से भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई पहचान मिली है। राज्य सरकार भी हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर सहित अनेक परियोजनाओं पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में विकसित किया जा रहा है। खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना की जा रही है। टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग सहित विभिन्न साहसिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने, स्वरोजगार, होम-स्टे, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी योजना और आयुष वेलनेस सेक्टर को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जिसे बनाए रखने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों को जेल भेजा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। अब तक 10 हजार से अधिक सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया है और 6 हजार से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया है। दंगारोधी कानून के तहत दंगाइयों से एक-एक पाई की वसूली की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार हमेशा उनके परिवार के साथ खड़ी रही है। एसआईटी द्वारा गहन जांच के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा हुई है। यदि पीड़ित परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की है तो सरकार उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए हर स्तर पर सहयोग देगी।
कार्यक्रम में विधायक प्रीतम सिंह पंवार और विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। मुख्यमंत्री के कार्यकाल में यूसीसी, नकल विरोधी कानून जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
इस अवसर पर थौलधार ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र भंडारी, पूर्व प्रमुख ज्योत सिंह बिष्ट, संजय नेगी, विनोद उनियाल, ब्लॉक भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Show More

Related Articles