वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर दून पुलिस हाई अलर्ट पर
एडीजी इंटेलिजेंस और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने दी सख्त हिदायतें

राजधानी में 9 नवंबर को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार को पुलिस लाइन देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजित ब्रीफिंग में एडीजी इंटेलिजेंस/सिक्योरिटी अभिनव कुमार और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरूगेशन ने सुरक्षा में तैनात समस्त पुलिस बल को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी रूट पर त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी व्यक्ति को उक्त क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।
ब्रीफिंग के दौरान एडीजी अभिनव कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने ड्यूटी स्थल पर निर्धारित समय से तीन घंटे पहले पहुंचे और अपने प्रभारी अधिकारी से ड्यूटी का पूर्ण विवरण प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि ड्यूटी स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों की पहले से सघन जांच की जाए और कोई भी लापरवाही न बरती जाए। ड्यूटी में तैनात कर्मियों को पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरूगेशन ने कहा कि मुख्य कार्यक्रम स्थल में केवल अधिकृत व्यक्तियों और उनके वाहनों को ही विधिवत चेकिंग और फ्रिस्किंग के बाद प्रवेश दिया जाए।
उन्होंने कहा कि वीवीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों पर भी सुरक्षा दृष्टि से सतर्क निगाह रखी जाए और केवल पूर्व-नामित व्यक्तियों को ही एंटी सबोटाज चेकिंग के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाए।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जनसभा स्थल पर आने वाले वीआईपी, आमजन और पुलिस कर्मियों के वाहनों को केवल पूर्व-चिह्नित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क कराया जाए। किसी भी दशा में मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा न रहने पाए, जिससे अव्यवस्था की स्थिति न बने।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भीड़ के निकास मार्गों पर पहले से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
एडीजी इंटेलिजेंस ने कहा कि जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक पूरे रूट पर सघन जांच की जाए।
बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड टीमों से ऊंची इमारतों, पानी की टंकियों और आसपास के क्षेत्रों की चेकिंग कराने के निर्देश दिए गए।
साथ ही सभी थाना प्रभारियों को होटलों, धर्मशालाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सघन सत्यापन अभियान चलाने के आदेश दिए गए।
ब्रीफिंग में यह भी निर्देशित किया गया कि ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मी अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का उपयोग न करें और ड्यूटी पॉइंट बिना अनुमति न छोड़ें। किसी भी तरह की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस लाइन में हुई इस महत्वपूर्ण ब्रीफिंग में आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप, एसएसपी देहरादून अजय सिंह, एसपी विजिलेंस प्रहलाद नारायण मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और ड्यूटी में तैनात पुलिस बल मौजूद रहा।
अधिकारियों ने सभी कर्मियों से कहा कि राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़ा यह वीवीआईपी कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो इसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को सतर्क, अनुशासित और जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी।



