देहरादून

शहीद अनुसूया प्रसाद गौड़ की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा: शहीदों पर गर्व किया जाता है

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को प्रेमनगर भाऊवाला स्थित बलूनी पब्लिक स्कूल में 10 महार रेजिमेंट के वीर शहीद अनुसूया प्रसाद गौड़ की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाग लिया। मंत्री ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनकी वीर गाथा को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री ने वीर नारियों का सम्मान किया। साथ ही विद्यालय के छात्रों द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ विषय पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया गया।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मात्र 17 वर्ष की आयु में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस का परिचय देकर शहीद हुए महावीर चक्र विजेता अनुसूया प्रसाद गौड़ का बलिदान राष्ट्र हमेशा याद रखेगा। उन्होंने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार शहीदों तथा उनके परिजनों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्यरत है।
जोशी ने कहा कि शहीदों के परिजनों को उनकी योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी प्रदान की जा रही है और वीरता पदकों की सम्मान राशि में कई गुना वृद्धि की गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहीदों की शहादत पर रोया नहीं जाता, उन पर गर्व किया जाता है, और उनका सम्मान करना हर देशवासी का कर्तव्य है।
सैनिक कल्याण मंत्री ने देहरादून में भव्य सैन्यधाम के निर्माण की जानकारी देते हुए बताया कि यह अंतिम चरण में है और शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, चित्रा देवी, अनिल गौड़, मोहन गौड़, खेल समिति अध्यक्ष आनंद चंद रमोला, लक्ष्मी देवी, गुड्डी देवी, रजनी प्रधान, बिनीता बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles