सिद्धपीठ कुंजापुरी मेले में खेलों का उद्बोधन
स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मस्तिष्क और युवा विकास के लिए आवश्यक:मंत्री गणेश जोशी

49वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन समारोह प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। मंत्री ने कहा कि “खेल मनुष्य के जीवन का अभिन्न अंग हैं, स्वस्थ मस्तिष्क के लिए स्वस्थ शरीर आवश्यक है। खेलों के माध्यम से युवा न केवल अपना करियर बना सकते हैं बल्कि देश और राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
विभिन्न शिक्षण संस्थाओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्चपास की सलामी लेते हुए मंत्री ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति और विरासत के महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इनके माध्यम से सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश के वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मेले की खेल प्रतियोगिताओं ने अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को जन्म दिया है। खिलाड़ियों और क्लबों की बढ़ती भागीदारी से यह मेला अब अंतर-राज्यीय मेला के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से “अतिथि देवो भव” की भावना के साथ आने वाले खेल एवं संस्कृति प्रेमियों का स्वागत करने की अपील की।
इस अवसर पर मेला संयोजक और पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, मंडी परिषद के पूर्व अध्यक्ष वीर सिंह रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष साकेत बिजलवान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेश उनियाल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ऋतुराज सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।



