देहरादून

सीएम धामी ने दून अस्पताल में औचक निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं, डॉक्टरों और स्टाफ में मचा हड़कंप

मरीजों और तीमारदारों से लिया फीडबैक, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

उत्तराखंड में लगातार बदल रहे मौसम के चलते वायरल बीमारियों से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में मरीज इलाज के लिए दून अस्पताल पहुंच रहे हैं। कई बार दून अस्पताल में अव्यवस्थाओं के मामले भी सामने आ चुके हैं। जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार देर रात को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय देहरादून पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। देर रात हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई।
सीएम पुष्कर धामी ने आपातकालीन कक्ष, वार्डों, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। साथ ही इस बात पर भी जोर दिया कि दून अस्पताल में व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए सरकार की ओर से जो पूर्व में निर्णय लिए गए हैं, उन व्यवस्थाओं को किस तरह से धरातल पर उतारा गया है।
मरीजों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर एक नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। निरीक्षण ने दौरान सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति और जांच सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीएम धामी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही तीमारदारों को आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही सीएम ने ये भी कहा कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं निजी अस्पतालों के समकक्ष बेहतर और भरोसेमंद बनें, यह सरकार की प्राथमिकता है।
वहीं, निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और ज्यादा सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार संसाधनों का विस्तार कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए. वहीं, सीएम धामी के औचक निरीक्षण से अस्पताल में हड़कंप मचा रहा।

Show More

Related Articles