देहरादून

हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी का मंत्र बना जन आंदोलन

विकास नगर सम्मेलन में बोले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनहित में लागू किए गए नेक्स्टजेनजीएसटी और आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से विकासनगर में रविवार को एक भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया।
विकासनगर स्थित एक निजी वेडिंग प्वाइंट में आयोजित इस सम्मेलन में स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, जिला प्रभारी सतेंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष सचिन बंसल, मंडल महामंत्री आदित्य वर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा पदाधिकारी, प्रकोष्ठ संयोजक, बूथ अध्यक्ष, व्यापारी वर्ग और अन्य प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अपने जोशीले संबोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 11 वर्षों में ऐतिहासिक विकास की राह पकड़ी है। उन्होंने कहा कि नेक्स्टजेनजीएसटी ने देश की कर प्रणाली को पारदर्शी और सरल बनाकर व्यापारियों को राहत दी है। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और डिजिटल इंडिया को नई दिशा मिली है।
मंत्री जोशी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान पर बोलते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री की लोकल के लिए वोकल की भावना को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी अब केवल नारा नहीं, बल्कि एक देशव्यापी जन आंदोलन बन चुका है। उत्तराखण्ड इस अभियान में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के अंतर्गत स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने का कार्य कर रही है। कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प और जैविक खेती जैसे ग्रामीण प्रयासों को आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
मंत्री जोशी ने सम्मेलन के समापन पर उपस्थित जनसमुदाय से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाएं और भारत को एक विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

Show More

Related Articles