आकस्मिक चेकिंग अभियान से आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही दून पुलिस

एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देशानुसार जनपद भर में दून पुलिस ने सोमवार तड़के प्रातः से व्यापक आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की तलाश करना बताया गया है।
अभियान में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में सभी सीमावर्ती चैक पोस्टों और आंतरिक मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की। इस दौरान लगभग 1,782 वाहनों और 3,374 व्यक्तियों से पूछताछ कर सत्यापन संबंधी आवश्यक जानकारियाँ जुटाई गई।
साथ ही, पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की। विशेष ध्यान धार्मिक स्थल, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील/महत्वपूर्ण स्थानों पर रखा गया।
एसएसपी देहरादून ने बताया कि नियमित चेकिंग के अलावा समय-समय पर अलग-अलग स्थानों पर बड़े पैमाने पर आकस्मिक अभियान चलाने के निर्देश जारी हैं। इस अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और संदिग्ध तत्वों पर निगरानी रखी जा सके।


