देहरादून

इंदिरा गांधी के शौर्य और सरदार पटेल की एकता को किया याद

कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, करण माहरा बोले: इंदिरा जी ने देश के लिए जीवन समर्पित किया

देश की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की 41वीं पुण्यतिथि और देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि आजादी के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अनेक साजिशें रचीं, लेकिन 1971 के युद्ध में इंदिरा गांधी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को दो टुकड़ों में विभाजित कर उसकी नापाक हरकतों का करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया अमेरिका के दबाव में थी, उस समय इंदिरा जी ने अमेरिकी राष्ट्रपति निक्सन की धमकियों के आगे झुकने से इंकार किया।
करण माहरा ने कहा, तत्कालीन लोकसभा में नेता विपक्ष अटल बिहारी वाजपेयी ने भी इंदिरा गांधी को ‘दुर्गा’ की उपाधि दी थी। उन्होंने कहा कि इंदिरा जी ने आपातकाल जैसी परिस्थितियों में भी साहस नहीं खोया। चुनाव में पराजय के बाद भी उन्होंने जनता के फैसले को स्वीकार किया और संघर्ष के बल पर केवल ढाई वर्षों में सत्ता में वापसी की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे न केवल महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत के प्रथम गृहमंत्री थे, बल्कि उन्होंने विभिन्न जातीय, सांस्कृतिक और भाषाई विविधताओं वाले भारत को एक सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में इंदिरा गांधी और सरदार पटेल जैसी शख्सियतों का योगदान और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। दोनों नेताओं ने देश की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव नवीन जोशी, जगदीश धीमान, राजेंद्र शाह, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, गरिमा दसौनी, डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, वीरेंद्र प्रसाद भट्ट, रॉबिन त्यागी, सुनील जायसवाल, मुकेश सोनकर, वीरेंद्र पंवार, मोहन काला, लखी राम बिजलवान, देवेंद्र सिंह, आदर्श सूद, सुशीला बेलवाल शर्मा, वीरेश शर्मा, प्रवीण भारद्वाज, कमर सिद्दीकी, आनंद सिंह पुंडीर, किशोर उनियाल, सुमित खन्ना और कार्तिक बिरला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles