एसएसपी ने की राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक
एनडीपीएस और गुमशुदा मामलों में प्रभावी कार्यवाही के दिए निर्देश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून अजय सिंह ने आज वीसी के माध्यम से जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। बैठक में एनडीपीएस एक्ट के लंबित मामलों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और गुमशुदा/लावारिस शव मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान एनडीपीएस एक्ट की वाणिज्यिक मात्रा से संबंधित लंबित/पार्ट पेंडिंग अभियोगों की स्थिति का जायजा लिया गया। एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को अभियुक्तों की अवैध संपत्ति की पहचान और समयबद्ध आर्थिक विवेचना के लिए निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण को इन विवेचनाओं की लगातार समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन व अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा भी की गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए और शिथिलता बरतने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।
एसएसपी ने गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और लावारिस शवों की शिनाख्त की थानावार समीक्षा की। वर्ष 2024 और 2025 में लंबित प्रकरणों की जानकारी ली गई। सभी संबंधित अधिकारियों को सभी सूचनाओं को तत्काल नेटग्रिड पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने बैठक में स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध नियंत्रण, शिकायतों का शीघ्र निस्तारण और लापता व्यक्तियों व लावारिस शव मामलों में समयबद्ध कार्रवाई पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता होगी।



