नाबार्ड पॉलीहाउस स्थापना की धीमी प्रगति पर मंत्री ने जताई नाराजगी
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के दिए निर्देश

देहरादून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज सर्किट हाउस देहरादून में औद्यानिक परिषद सभागार में नाबार्ड वित्त पोषित पॉलीहाउस स्थापना पर विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश के सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, जिला मुख्य उद्यान अधिकारी एवं जिला कृषि अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
बैठक के दौरान मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जिलों में पॉलीहाउस निर्माण की धीमी प्रगति को तुरंत सुधारा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में क्लस्टर चयन, किसानों का चयन और कम से कम दो फसलों सब्जी एवं फूल के बड़े क्लस्टर विकसित किए जाएं। उन्होंने जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और शीघ्र पॉलीहाउस स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।
कृषि मंत्री ने इसके अलावा जायका परियोजना, कीवी मिशन, एप्पल मिशन एवं ड्रैगन फ्रूट मिशन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। पीएमएफएमई स्टोर की स्थापना, वेस्ट फूड से फूड वाइन क्षेत्र में कार्य और अधिक से अधिक फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने पर भी जोर दिया।
मंत्री जोशी ने तराई क्षेत्रों में सिंघाड़ा और मखाना की खेती को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने और जनपद उत्तरकाशी के आराकोट में निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि एप्पल मिशन के तहत वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 की लंबित सब्सिडी लगभग 5.50 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है, जिसका जियो भी जारी कर दिया गया है। साथ ही माली भर्ती के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है और इच्छुक उम्मीदवार प्रयाग पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए ताकि परिणाम जनता तक दिखाई दें। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही पहली बार देहरादून में माल्टा महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर सचिव कृषि एसएन पांडेय, महानिदेशक कृषि वंदना सिंह सहित समस्त जनपदों के अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।


