
उत्तराखंड के रजत जयंती के मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को शिरकत करेंगे और राज्यवासियों को कई बड़ी सौगात देंगे। यह आयोजन राजधानी देहरादून के फॉरेस्ट रिसर्च सेंटर के मैदान में होगा।
सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी सुबह 11:00 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे और लगभग 8000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट और जमरानी बांध परियोजना शामिल हैं, जो गढ़वाल और कुमाऊं की तस्वीर बदलने वाली हैं। इसके अलावा, ऊर्जा विभाग, पर्यटन विभाग और पीडब्ल्यूडी से जुड़ी कई योजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां टेंट लगाने का काम पिछले 9 दिनों से चल रहा है। राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम में 70,000 से अधिक लोग सीधे पीएम मोदी को सुनने के लिए पहुंचेंगे। पीएम यहां कुछ लाभार्थियों से भी मुलाकात करेंगे और राज्य में चल रही योजनाओं का सीधा असर जानेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर उत्तराखंड की 25 वर्षों की यात्रा और तमाम प्रोजेक्टों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी में लगभग दो घंटे रहेंगे। कार्यक्रम में सभी पूर्व मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, बुद्धिजीवी वर्ग और अन्य फील्ड से जुड़े लोग भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्यवासियों में पीएम मोदी को सुनने और कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर उत्साह है। 9 नवंबर राज्य के लिए महत्वपूर्ण दिन होगा, जब पीएम मोदी कई बड़ी सौगातों की घोषणा करेंगे।



