मसूरी विधानसभा की सड़कों पर मंत्री गणेश जोशी सख्त, मोतीलाल नेहरू मार्ग की बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी
सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए अधिकारियों संग हुई बैठक

देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित और प्रस्तावित मोटर मार्ग निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित सड़क निर्माण और सुधारीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने क्यारा-धनौल्टी मार्ग, गढ़-बुरांसखण्डा मार्ग, मोटीधार-मसराना, लोहारीगढ़, कोठियाना, छोटी छमरौली से डोमकोट, विलासपुर कांडली और अनारवाला-मालसी मार्ग सहित देहरादून के विभिन्न वार्डों की सड़कों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
इसके अलावा गजियावाला, अमन विहार और धोरण पुल की वर्तमान स्थिति और निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई। मंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मसूरी के मोतीलाल नेहरू मार्ग की खराब स्थिति पर कैबिनेट मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति आम लोगों और पर्यटकों दोनों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
मंत्री ने कहा कि वह स्वयं 16 मई को मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि निरीक्षण से पहले मार्ग की मरम्मत का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।



