देहरादून

राज्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन तेज

वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव, धस्माना बोले- सुप्रीम कोर्ट ने आयोग को दोषी ठहराया है

देशव्यापी वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को राजधानी देहरादून में बड़ा प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रिंग रोड स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यालय का घेराव किया।
कार्यकर्ताओं ने राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार को बर्खास्त करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पंचायती राज कानून का उल्लंघन कर न केवल लोकतंत्र की अवमानना की, बल्कि सुप्रीम कोर्ट से भी फटकार और दो लाख रुपये का जुर्माना झेला है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जब कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 12:30 बजे राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचे, तो वहां पहले से ही सीओ रायपुर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात था। आयोग के मुख्य द्वार पर पहुंचे कार्यकर्ताओं को बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय में मौजूद नहीं हैं, जिस पर नाराज कांग्रेसियों ने वहीं धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी।
वोट चोर गद्दी छोड़, लोकतंत्र की हत्या बंद करो जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
प्रदर्शन के दौरान जब निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और ज्ञापन लेने की बात कही, तो श्री धस्माना ने दो टूक कहा कि वे ज्ञापन देने नहीं, बल्कि राज्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने आए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयुक्त ने ऐसे उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने की अनुमति दी, जिनके नाम दो-दो जगह वोटर लिस्ट में दर्ज थे, जो कि स्पष्ट रूप से पंचायती राज कानून का उल्लंघन है। इस पर नैनीताल हाईकोर्ट ने रोक लगाई, जिसे नजरअंदाज करते हुए आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी और वहां से न सिर्फ फटकार मिली, बल्कि दो लाख का जुर्माना भी लगा।
धस्माना ने आरोप लगाया कि राज्य निर्वाचन आयुक्त ने भाजपा के साथ मिलकर वोट चोरी में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि यह देश का दूसरा बड़ा मामला है जहां कोर्ट ने वोट चोरी को प्रमाणित माना है पहला मामला चंडीगढ़ मेयर चुनाव का था।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि जब तक सुशील कुमार को पद से हटाया नहीं जाता, तब तक कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी, तो पार्टी कार्यकर्ता स्वयं उन्हें कुर्सी से हटाकर बाहर करने के लिए बाध्य होंगे।
इस प्रदर्शन में पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, महिला कांग्रेस महामंत्री सुशील शर्मा, सुनील जायसवाल, ललित भद्री, राजेश उनियाल, विनीत भट्ट बंटू, कमर सिद्दीकी, सोनू काजी, वीरेश शर्मा, जितेंद्र सिंह बिष्ट, पूनम कंडारी, किशोर उनियाल, अनीस अंसारी, सरदार अमरजीत सिंह, चंद्रपाल, दीपक गुप्ता, शुभम सैनी, निधि नेगी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Show More

Related Articles