राज्यपाल ने क्रिकेटर स्नेह राणा को किया सम्मानित
महिला विश्व कप विजेता टीम की सदस्य ने की शिष्टाचार भेंट, कहा:उत्तराखंड की बेटियां हैं देश का गौरव

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से बुधवार को महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की सदस्य और उत्तराखंड की बेटी स्नेह राणा ने राजभवन में शिष्टाचार भेंट की।
राज्यपाल ने स्नेह राणा को स्मृति चिन्ह भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल देश के लिए, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।
राज्यपाल ने कहा कि स्नेह राणा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण और कठिन परिश्रम से देश और प्रदेश दोनों का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा स्नेह राणा जैसी खिलाड़ियां उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी यह सफलता राज्य की युवा खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और ऊर्जा देगी।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां हर क्षेत्र में असाधारण क्षमता और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। स्नेह राणा इसका जीवंत उदाहरण हैं जिन्होंने जो ठाना, उसे पूरा कर दिखाया।
राज्यपाल ने स्नेह राणा को उनके आगामी मैचों और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर क्रिकेटर स्नेह राणा की माताजी श्रीमती विमला राणा भी उपस्थित रहीं।



