
देहरादून/ हरिद्वार। देहरादून से आई विजिलेंस की टीम ने उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी और एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी ने 40 वाहिनी पीएसी के पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता से जुड़ा मामला हल करने के नाम पर बीस हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
विजिलेंस टीम के सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद की गई प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर रोशनाबाद स्थित खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर के कार्यालय पर छापेमारी की और उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बृजपाल सिंह राठौर वर्तमान में बहादराबाद में तैनात हैं, जबकि उनकी पत्नी पुलिस विभाग में अधिकारी पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता से नवीनीकरण प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी थी।
वहीं, मंगोलपुर स्थित सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक मुकेश, जो ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) भी हैं, को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि मुकेश बृजपाल सिंह राठौर के लिए ही रिश्वतखोरी के धंधे में काम करता था और उसने शिकायतकर्ता से बिचौलिया बनकर राशि वसूली।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को लेकर देहरादून रवाना हो गई। मामले से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ रही है और अन्य संबंधितों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
हरिद्वार जिले में यह मामला 40 वाहिनी पीएसी के पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने प्रमाण पत्र नवीनीकरण के लिए खंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क किया था, लेकिन रिश्वत की मांग पर उन्होंने विजिलेंस का दरवाजा खटखटाया।



