विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के लिए उत्तराखंड का दल रवाना
मुख्यमंत्री धामी और मंत्री रेखा आर्या ने दी शुभकामनाएं, युवाओं से व्यावहारिक नवाचार पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दिल्ली में आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड के चयनित युवा दल को रवाना किया। इस दल में लोक नृत्य, लोक संगीत, कृषि नवाचार, तकनीकी स्टार्टअप, भाषण और कविता लेखन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में चयनित प्रतिभाशाली युवा शामिल हैं।
रवानगी से पहले मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दल के सभी सदस्यों से बातचीत की और उन्हें राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रदेश की ऊर्जा, नवाचार और सांस्कृतिक पहचान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने भी दल के सदस्यों से संवाद किया और उन विषयों की जानकारी ली, जिन्हें वे दिल्ली में प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश के युवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी संस्कृति, कला और प्रगतिशील सोच को प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
रेखा आर्या ने कहा कि दल में शामिल सभी युवा राष्ट्रीय आयोजन में उत्तराखंड के एंबेसडर के रूप में भाग ले रहे हैं और उन पर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और ज्ञान परंपरा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे कार्यक्रम में प्रस्तुत किए जाने वाले नए विचारों और प्रोटोटाइप में व्यावहारिकता पर विशेष ध्यान दें, ताकि उनके नवाचार समाज और विकास से सीधे जुड़ सकें।



