देहरादून

वीआईपी ड्यूटी के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर

एडीजी ने दिए कड़े निर्देश, सादे व वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की पहचान सुनिश्चित करें

प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। आगामी 2 नवम्बर को प्रस्तावित वीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत शनिवार को पुलिस लाइन देहरादून में अपर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) द्वारा जनपद देहरादून व हरिद्वार में वीआईपी ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों की ब्रीफिंग की गई। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न होने देने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन माध्यम से अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने भी अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वीआईपी भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था त्रुटिरहित रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे ड्यूटी में लगे पुलिस बल की पहचान सुनिश्चित करें, सभी को उनके ड्यूटी कार्ड चेक करने के बाद ही जिम्मेदारी सौंपें।
एडीजी अभिसूचना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी में लगने वाले सभी पुलिसकर्मियों की पहचान कर ली जाए। साथ ही, सभी को सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जिम्मेदारी के प्रति पूरी तरह सजग किया जाए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में तैनात कोई भी कर्मचारी अपने स्थान को बिना बताए न छोड़े और न ही समूह में एकत्रित हों।
एडीजी ने कहा कि वीआईपी से मिलने वाले सभी व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। केवल पूर्व में नामित व्यक्तियों को ही मिलने की अनुमति दी जाए। सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी अनजान व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए।
वीआईपी रूट प्रभारी को निर्देशित किया गया कि वे कार्यक्रम से पूर्व पूरे रूट का भली-भांति निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि मार्ग पर किसी प्रकार की निर्माण सामग्री या बाधा न हो। साथ ही, वीआईपी प्रवास स्थल व कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी को भी इस क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एडीजी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से प्रवास स्थल व कार्यक्रम स्थल के आसपास सघन चेकिंग कराई जाए। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए बीडीएस व डॉग स्क्वाड टीम की सहायता ली जाए। ऊंची इमारतों, पानी की टंकियों व अन्य संवेदनशील स्थानों की भी पूरी तरह जांच की जाए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का उपयोग न करे। ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने या लापरवाही करने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इससे पूर्व आज सुबह आईजी साइबर/एसटीएफ, आईजी अभिसूचना और एसएसपी देहरादून ने पुलिस लाइन में वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए।

Show More

Related Articles