सीएम ने दिया पत्रकारों के हितों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने अध्यक्ष अजय राणा के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से राज्य के विकास में सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा भी जताई।
प्रेस क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी ने कहा कि पूर्व में भी प्रेस क्लब को मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का निरंतर सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी यह सहयोग इसी तरह बना रहेगा। वहीं, नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय राणा और महामंत्री योगेश सेमवाल ने प्रेस क्लब भवन निर्माण के प्रस्ताव के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा व मीना नेगी, संप्रेक्षक विजय जोशी सहित कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, सुलोचना पयाल, वीरेंद्र डंगवाल, मनोज जयाड़ा, हरीश थपलियाल और मनवर सिंह रावत उपस्थित रहे।


