खेल

BCCI ने ICC से पाकिस्तान की शिकायत कर की सख्त कार्रवाई की मांग, हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान पर लगेगा बैन?

पाकिस्तान के हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान की विवादास्पद हरकत पर बीसीसीआई ने आईसीसी में शिकायत दर्ज

पाकिस्तान क्रिकेट टीम एशिया कप में अब तक अपने खेल से ज्यादा मैदान पर हुए ड्रामे के लिए चर्चा में रही है। 21 सितंबर को दुबई में भारतीय टीम के खिलाफ सुपर 4 मैच के दौरान दो पाकिस्तानी खिलाड़ी साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ शर्मनाक हरकत करते नजर आए। इसके बाद अब बीसीसीआई ने आईसीसी में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराते हुए दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, 21 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भारतीय खिलाड़ियों को बार-बार परेशान करने की कोशिश की थी। बाउंड्री पर फील्डिंग करते समय जब भारतीय प्रशंसक ‘कोहली, कोहली’ के नारे लगा रहे थे तो रऊफ ने विमान को गिराने वाला एक्शन किया. यह हरकत पूरे क्रिकेट जगत ने देखी।
इसके साथ ही इस मैच में पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने बल्ले को बंदूक की तरह तानकर गोली मारने वाला सेलिब्रेशन अपने अर्धशतक पर किया। इन दोनों खिलाड़ियों की हरकतें विवादों का विषय बन गई हैं। अब इस पर बीसीसीआई ने एक्शन लिया है।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में फरहान ने कहा, ‘मैं आमतौर पर 50 रन बनाने के बाद ज्यादा जश्न नहीं मनाता लेकिन अचानक मेरे मन में आया चलो आज जश्न मनाते हैं। मुझे नहीं पता कि लोग इसे कैसे लेंगे लेकिन मुझे इसकी परवाह नहीं है’।
पीटीआई की रिपोर्ट् के अनुसार, बीसीसीआई की शिकायत के बाद अगर हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान लिखित आरोपों से इनकार करते हैं, तो उन्हें आईसीसी एलीट पैनल के रेफरी रिची रिचर्डसन के सामने सुनवाई के लिए पेश होना पड़ सकता है। अगर वे नियमों के अनुसार अपने कार्यों को साबित करने में विफल रहते हैं तो उन पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
बीसीसीआई की शिकायत के जवाब में पीसीबी ने 14 सितंबर के मैच के बाद सूर्यकुमार यादव के बयान का हवाला देते हुए, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के खिलाफ आईसीसी में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, आईसीसी उनकी शिकायत को खारिज कर सकता है, क्योंकि टिप्पणी के सात दिनों के भीतर शिकायत दर्ज करनी होती है।
एशिया कप लीग मैच में पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में हराने के बाद भारतीय टीम ने सुपर-4 राउंड भी जीत लिया। अब टीम इंडिया टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर चुकी है। जहां उसका सामना बांग्लादेश या पाकिस्तान में से किसी एक से होगा। आज इन दोनों टीमों के बीच मैच होने वाला है। इस मैच को जो भी जीतेगा वो फाइनल में भारत के साथ खेलेगा।

 

Show More

Related Articles