ताड़ीखेत के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, बुजुर्ग की मौत

रानीखेत। ताड़ीखेत रामनगर स्टेट हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 87 वर्षीय बुजुर्ग कुशल सिंह रौतेला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को रतन सिंह बिष्ट ताड़ीखेत की ओर कार से जा रहे थे। उनके साथ गांव के बुजुर्ग कुशल सिंह रौतेला, करन राजोरिया और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षक अनुराधा (पत्नी कुलदीप सिंह बिष्ट) भी कार में सवार थे।
हाइडिल कॉलोनी के पास एक मोड़ पर चालक लाखन सिंह ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया। हादसे में कुशल सिंह और अनुराधा गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि चालक लाखन और करन सुरक्षित बच निकले।
घायलों को 108 आपातकालीन सेवा की मदद से ताड़ीखेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां कुशल सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर घायल अनुराधा को प्राथमिक उपचार के बाद गोविंद सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



