Uncategorized

राष्ट्रीय राजमार्ग 7 पर भूस्खलन जोन का ट्रीटमेंट शुरू

90 करोड़ की स्वीकृति

देहरादून/श्रीनगर। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 7 पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए फरासू और चमधार भूस्खलन जोन का ट्रीटमेंट किया जाएगा। इसके लिए 90 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
इसके अलावा क्षेत्र के अंतर्गत पीएमजीएसवाई के तहत बनी सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तगत किया जाएगा, और विभिन्न मोटरमार्गों के डामरीकरण और सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
आज शासकीय आवास पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के मोटरमार्ग निर्माण, डामरीकरण और सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को कार्य की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. रावत ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 07 पर फरासू और चमधार में अब भूस्खलन से बार-बार यातायात बाधित नहीं होगा। फरासू क्षेत्र के लिए 53 करोड़ और चमधार क्षेत्र के लिए 37 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। शीघ्र ही दोनों जगहों पर ट्रीटमेंट कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे जनसामान्य और तीर्थयात्री सुगम और सुरक्षित आवागमन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई के तहत झाला-ग्वाड मोटरमार्ग और हिंवालीधार-सिरतोली मोटरमार्ग को स्वीकृति दे दी गई है। साथ ही, अधिकारियों को माण्डाखाल-सरणा-चोपड्यूं मोटरमार्ग की स्वीकृति तथा श्रीनगर में पंचपीपल से स्वीट तक एलिवेटेड रोड की शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए।
डॉ. रावत ने पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित सड़कों की समीक्षा करते हुए मजरा महादेव-सौठ मोटरमार्ग को लोक निर्माण विभाग को हस्तगत करने और चंगीन, कुठखाल, कठ्यूड़, जल्लू, गडोली, डुंगरी, जाख-अक्सोड़ा, चपलोड़ी व फल्द्वाड़ी मोटरमार्गों के डामरीकरण एवं अवशेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पांडेय, अपर सचिव दिनेश कुमार, प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता पीएमजीएसवाई एस.के. पाठक सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles