उत्तराखण्डदेहरादून

उत्तराखंड में 17 सितम्बर से लगेगा ‘स्वास्थ्य पखवाड़ा’

सीएम धामी के निर्देश पर 2 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, 4604 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन

उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘स्वास्थ्य पखवाड़ा’ आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के स्पष्ट निदेर्शों पर स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस अभियान को स्वास्थ्य सेवाओं का ‘महाकुंभ’ बताया जा रहा है।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और अभियान की सफलता के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि यह पखवाड़ा आमजन तक गुणवत्तापूर्ण और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का बड़ा प्रयास है।
बैठक में बताया गया कि पूरे राज्य में कुल 4604 शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें सभी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और हेल्थ सब-सेंटर्स शामिल होंगे। स्वास्थ्य सचिव ने स्पष्ट किया कि शिविरों में सामान्य रोगों के साथ-साथ टीबी, मधुमेह, हृदय रोग, श्वसन विकार, महिला एवं बाल रोगों के लिए भी विशेष परामर्श और जांच की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं को भी विशेष सुविधा दी जाएगी। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि यह केवल एक स्वास्थ्य सेवा अभियान नहीं, बल्कि जनजागरूकता और सहभागिता का आंदोलन है।
उन्होंने प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग तक इसकी जानकारी पहुंचे और लोग इससे लाभान्वित हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसदों, विधायकों, महापौरों, पार्षदों व अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए और अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर पखवाड़े को सफल बनाया जाए।
बैठक में मिशन निदेशक एनएचएम मनुज गोयल, उपसचिव जसबिन्दर कौर, वरिष्ठ अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल, डॉ. अमित शुक्ला, डॉ. कुलदीप मार्तोलिया और डॉ. सौरभ सिंह उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles