पुष्पांजलि इंफ्राटेक के बिल्डर दीपक मित्तल की बढ़ी मुश्किलें, SIT करेगी मामले की जांच
निदेशक दीपक मित्तल के विरुद्ध राजपुर व डालनवाला कोतवाली में नौ मुकदमे व डालनवाला कोतवाली में गैंगस्टर का मुकदमा है दर्ज

पुष्पांजलि इंफ्राटेक के बिल्डर दीपक मित्तल करोड़ों की ठगी और निवेशकों की शिकायतों के घेरे में आए पुष्पांजलि इन्फ्राटेक के बिल्डर दीपक मित्तल के खिलाफ अब SIT गठित कर दी गई है। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप के आदेश पर ये कदम उठाया गया है, जिससे दीपक मित्तल की मुश्किलें अब और बढ़ सकती हैं। दीपक मित्तल पर कई फ्लैट खरीदारों से करोड़ों रुपये गबन का आरोप है। मित्तल के खिलाफ थाना डालनवाला में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है और वह लंबे समय से फरार चल रहा है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक वह गिरफ्त से बाहर है।
गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप के आदेश के बाद आईपीएस अधिकारी जितेन्द्र मेहरा के पर्यवेक्षण में दो निरीक्षक, दो उप-निरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों को मिलाकर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। ये टीम अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की भी गहन समीक्षा भी करेगी। दीपक मित्तल और उसकी कंपनी पुष्पांजलि इन्फ्राटेक पर रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेशकों के साथ धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं। रेरा को मिली शिकायतों के अनुसार कई लोगों ने उन पर समय पर फ्लैट न मिलने और धन वापस न होने की शिकायत की थी।
पुष्पांजलि इंफ्राटेक की देहरादून स्थित आर्किड पार्क परियोजना में 90 फ्लैट खरीदारों के 45 करोड़ रुपये हड़पकर फरार एक लाख रुपये के इनामी बिल्डर दीपक मित्तल ने अपनी संपत्ति कुछ रिश्तेदारों को बेची है, उसकी भी जांच करवाई जाएगी। आइजी कार्यालय की ओर से कुछ पीड़ित (निवेशक) से भी पूछताछ की गई। केस में कुछ पूर्व अधिकारियों की मिलीभगत भी सामने आ रही है, इस संबंध में भी जांच की जा रही है।



