मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उद्योग विभाग एवं नियोजन विभाग के साथ की समीक्षा बैठक

देहरादून,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक की तथा उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए करारों की ग्राउंडिंग में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इन्वेस्टर्स समिट के तहत हुए करारों की ग्राउंडिंग के लिए संबंधित विभागों द्वारा किए गये कार्यों का पूरा ब्योरा देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग को नई आई.टी.पॉलिसी को जल्द लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने निर्यात संवर्द्धन के लिए डेडिकेटेड सेल बनाने के साथ देहरादून-ऋषिकेश में कन्वेंशन सेंटर की स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में नियोजन विभाग की समीक्षा करते हुए नियोजन विभाग के तहत कार्यरत विभागों एवं प्रकोष्ठों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास से जुड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने, उनके प्रभावी अनुश्रवण तथा राज्य में बेहतर नियोजन प्रणाली को प्रोत्साहन देने हेतु गठित स्टेट इंस्टीट्यूट इम्पावरिंग एण्ड ट्रांसफार्मिंग उत्तराखण्ड (सेतु) को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी योजनाओं की प्रभावी समीक्षा कर राज्य के संसाधनों के कुशल और प्रभावी उपयोग के साथ विभागों के मध्य आपसी भागीदारी तथा नेटवर्किंग व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सशक्त उत्तराखण्ड के अन्तर्गत राज्य की अर्थव्यवस्था को 05 वर्षों में दुगुना करने के प्रयासों एवं सतत विकास लक्ष्यों का नियमित रूप से अनुश्रवण करने को कहा। मुख्यमंत्री ने नीति आयोग स्तर पर चयनित 06 आकांक्षी जनपदों और राज्य स्तर पर चयनित 09 आकांक्षी जनपदों में संचालित कार्यक्रमों एवं योजनाओं के नियमित अनुश्रवण के निर्देश दिए।
बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण समिति विश्वास डाबर, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, महानिदेशक उद्योग रोहित मीणा, नियोजन विभाग से मनोज पंत एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



