उत्तराखण्डहल्द्वानी

सोशल मीडिया स्टार ज्योति अधिकारी पर मुकदमा

देवी-देवताओं और महिलाओं के अपमान के आरोप में दर्ज हुआ मुकदमा

अपनी बेबाकी और सोशल मीडिया पर सक्रियता के लिए जानी जाने वाली नैनीताल जिले की हल्द्वानी निवासी ज्योति अधिकारी कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। मुखानी थाना पुलिस ने एक महिला की तहरीर के आधार पर ज्योति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। ज्योति पर पहाड़ की महिलाओं और देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, हिम्मतपुर मल्ला ऊंचापुल मुखानी निवासी जूही चुफाल ने हरिपुर लालमणी, किशनपुर घुड़दौड़ा निवासी ज्योति अधिकारी के खिलाफ तहरीर दी। जूही ने आरोप लगाया कि ज्योति अधिकारी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सार्वजनिक स्थान पर दराती लहराते हुए उत्तराखंड की महिलाओं, संस्कृति और देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक भाषा और अपमानजनक टिप्पणी की।
मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर ज्योति अधिकारी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 27, 192, 196, 299 और 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने नोटिस जारी कर ज्योति को अपना पक्ष रखने और पूछताछ के लिए बुलाया। गुरुवार को ज्योति से करीब साढ़े पांच घंटे तक पूछताछ की गई। उन्होंने भरोसा दिया कि जांच में आगे भी सहयोग करेंगी, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
इस दौरान ज्योति लगातार लाइव वीडियो बनाती रहीं। जब वह अपने पति के साथ कार में बैठकर थाने के लिए निकलीं, तो उन्होंने फिर एक लाइव वीडियो बनाते हुए मुकदमा दर्ज करने वाली जूही को निशाने पर लिया। वीडियो में उन्होंने कहा कि जिन्होंने यह केस किया है, वह महिला ही है, बच्ची है। ज्योति ने सीधे तौर पर जूही को मैदान में आने की चुनौती दी और कहा कि ऑनलाइन केस करने की बजाय सामने आकर हिम्मत दिखाएं।
ज्योति अधिकारी के इस व्यवहार और सोशल मीडिया लाइव के चलते मामला और भी सुर्खियों में आ गया है। हल्द्वानी के लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा जारी है और पुलिस जांच में अभी और खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Show More

Related Articles