स्कूल ट्रिप में हादसा, टेंपो खाई में पलटी

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भीमताल-हल्द्वानी रोड पर आज एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। बोहराकून के पास छात्रों से भरा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रैवलर में सवार लगभग 24-25 बच्चे घायल हो गए। घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भीमताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के एक निजी कॉलेज के छात्र भीमताल और नैनीताल घूमने आए थे। दिन भर कैंची धाम, नैनीताल और आसपास के पर्यटक स्थल देखने के बाद वे वापस गाजियाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गया।
टेंपो चालक अमित कुमार ने बताया, हमारे पीछे एक कार आ रही थी, जिसमें कुछ युवक सवार थे। उन्हें दो बार पास दिया गया था, लेकिन वे बार-बार पास मांग रहे थे। गाड़ी पास देते वक्त टेंपो का टायर सड़क किनारे बाहर निकल गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर भीमताल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग पहुंचे। उन्होंने घायलों को खाई से बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार में 3-4 बच्चों की चोटें गंभीर बताई जा रही हैं। पुलिस अब घायलों और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
स्थानीय अधिकारियों और पुलिस का कहना है कि सड़क का संकरापन और वाहन संचालन में सावधानी की कमी हादसे का मुख्य कारण रही है। टेंपो ट्रैवलर में अचानक नियंत्रण खो जाने के कारण यह दुर्घटना हुई।
भीमताल पुलिस ने हादसे के बाद सभी वाहन चालकों से सड़क पर सतर्क और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए रोड किनारे सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संकेतों को मजबूत किया जाएगा।



