मसूरी

मसूरी में कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग, पांच घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के आइडियाज बिल्डिंग के समीप बड़ी मात्रा में एकत्रित सूखे कूड़े के ढेर में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग कूड़े के विशाल ढेर के भीतर तक फैल चुकी थी, जिसके कारण उसे बुझाना बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन भीतर सुलग रही आग बार-बार भड़कती रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल वाहनों को लगाया गया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

अग्निशमन विभाग के प्रभारी धीरज तड़ियाल ने बताया कि घटनास्थल के आसपास फायर हाइड्रेंट और पर्याप्त जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं होने से अभियान प्रभावित हुआ। दमकल वाहनों को बार-बार निकटवर्ती जल स्रोतों से पानी भरकर लाना पड़ा, जिससे आग बुझाने में अधिक समय लगा।

वहीं नगर पालिका की स्वच्छता टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से कूड़े के ढेर को अलग-अलग कर राहत कार्य में सहयोग किया। अधिकारियों ने खुले स्थान पर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कचरा जमा किए जाने पर चिंता जताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए बेहतर कूड़ा निस्तारण व्यवस्था की आवश्यकता बताई।

घटनास्थल के निकट रहने वाले एक परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रही, लेकिन समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। घटना ने एक बार फिर मसूरी में वैज्ञानिक कूड़ा प्रबंधन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

Show More

Related Articles