
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। बीते दिनों दो तस्करों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने एक और स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर नशा तस्करी के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है।
पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी, जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस टीम द्वारा दिनांक 23 अप्रैल 2026 की रात्रि को मनेरा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर अजयपाल सिंह (31 वर्ष), निवासी कोटियाल गांव, कोतवाली उत्तरकाशी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.82 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत जनपद में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है। पुलिस टीमें लगातार यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ावों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर रही हैं तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
एसपी उत्तरकाशी ने बताया कि चारधाम यात्रा के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के साथ-साथ नशा मुक्त वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी दिशा में लगातार कार्रवाई करते हुए वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 11 मामलों में 15 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके अलावा करीब 12 लाख रुपये कीमत की 6 किलोग्राम से अधिक चरस तथा 5.4 लाख रुपये कीमत की 18 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। चार तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।


