मुहर्रम पर हाईकोर्ट सख्त, ताजियों की ऊंचाई 15 फीट तक सीमित; प्रशासन को दिए निर्देश
संपत्तियों को नुकसान न पहुंचे और बिजली व्यवस्था बाधित न हो, पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर

रुद्रपुर: मुहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजियों को लेकर उत्तराखंड हाईकोर्ट के महत्वपूर्ण निर्देशों के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम जुलूस में शामिल ताजियों की ऊंचाई 15 फीट से अधिक नहीं होगी और किसी भी सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित जिलों में पुलिस और प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मामला उधमसिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र से जुड़ा है, जहां निवासी Mohit Garg ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि वर्ष 2024 में मुहर्रम के दौरान निकाले गए अत्यधिक ऊंचे ताजियों के कारण उनके मकान को नुकसान पहुंचा था। याचिका में कहा गया कि ताजिए की ऊंचाई अधिक होने के चलते मकान के छज्जे और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हुए थे। साथ ही जुलूस के दौरान लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम लोगों और व्यापारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने प्रशासन को निर्देश दिया कि भविष्य में ताजियों की ऊंचाई 15 फीट से अधिक न होने दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जुलूस के दौरान किसी भी व्यक्ति की संपत्ति को नुकसान न पहुंचे।
याचिकाकर्ता मोहित गर्ग ने न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि उनका किसी भी धार्मिक आयोजन या समुदाय से कोई विरोध नहीं है। उनका उद्देश्य केवल अपनी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन न्यायालय के निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन कराएगा।
वहीं, जसपुर के उपजिलाधिकारी Rahul Shah ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में आवश्यक कार्रवाई पहले ही पूरी कर ली गई है। नगर पालिका और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मुहर्रम के दौरान निकाले जाने वाले सभी ताजियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा के भीतर रहे और जुलूस मार्ग पर किसी भी सार्वजनिक अथवा निजी संपत्ति को नुकसान न होने दिया जाए।
एसडीएम ने बताया कि याचिकाकर्ता के भवन समेत संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आवश्यक पुलिस बल और नगर पालिका कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। साथ ही जुलूस मार्गों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन ने सभी आयोजकों और नागरिकों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।



