युवाओं के चेहरे का आत्मविश्वास बताता है कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है: मुख्यमंत्री धामी
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के युवा संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री, कहा— उत्तराखंड में 34 हजार से अधिक युवाओं को मिली पारदर्शी सरकारी नौकरी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उनके चेहरों पर दिखाई देने वाला आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का जीवंत प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। यही युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने देश के युवाओं को नए अवसर और नई दिशा प्रदान की है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अनेक योजनाओं पर प्रभावी ढंग से काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज हुआ है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है, जो राज्य के समग्र विकास का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और 34 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि यह संख्या पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुनी से भी अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय ने वर्षों से शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल, ज्ञान और ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, कुलपति प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी ट्रैफिक अभय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे।



