स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में सीएम धामी ने दिलाई गंगा शपथ
छात्रों संग चलाया स्वच्छता अभियान, जनभागीदारी से स्वच्छ उत्तराखंड का आह्वान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार, नैनीताल में आयोजित स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में प्रतिभाग कर छात्रों को गंगा शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि इसे जनआंदोलन बनाना होगा। तभी स्वच्छ उत्तराखंड और स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता हमारे संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा आप सभी छात्र अपने घर, स्कूल और मोहल्ले की साफ-सफाई में सहभागी बनें। आपका छोटा प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकता है।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में विद्यालय के छात्रों ने नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर में बृहद स्वच्छता अभियान भी चलाया। बच्चों के जोश और उत्साह ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना, नमामि गंगे कार्यक्रम के निदेशक विशाल मिश्रा, संचार विशेषज्ञ पूरन कापड़ी, और विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्यप्रकाश समेत अनेक छात्र, शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।



