बेमिसाल रहे हैं उत्तराखंड के 25 साल : रेखा आर्या
पिथौरागढ़ भाजपा मुख्यालय में गिनाई चौथाई सदी की उपलब्धियां, कहा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए तैयार है देवभूमि

राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर गुरुवार को पिथौरागढ़ भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने उत्तराखंड की 25 वर्षों की उपलब्धियों को याद करते हुए कहा कि देवभूमि ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। यह चौथाई सदी प्रदेश की मेहनत, संघर्ष और उपलब्धियों की कहानी है।
मंत्री ने कहा कि राज्य गठन के समय आर्थिक व सामाजिक चुनौतियों के बावजूद उत्तराखंड ने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर अन्य राज्यों के लिए आदर्श प्रस्तुत किया है।
रेखा आर्या ने युवाओं व महिलाओं के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास आने वाले समय में राज्य को आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए उत्तराखंड पूरी तरह तैयार है। यह राज्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
मंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें और विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
दोपहर में रामलीला मैदान में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ और राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने में राज्य की भूमिका अहम है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि आने वाले 25 वर्षों में हम सब मिलकर उत्तराखंड को देश का अग्रणी और आदर्श राज्य बनाएं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, एडीएम योगेन्द्र सिंह समेत अनेक विभागीय अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।