मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ के सीमांत गांवों का किया दौरा
सीमा सुरक्षा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर दिया जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पिथौरागढ़ जिले के सीमांत गांव मिलम का दौरा किया और वहां भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों से मुलाकात कर उनके समर्पण और राष्ट्रसेवा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों का अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ के माध्यम से सीमांत गांवों का सर्वांगीण विकास तेजी से किया जा रहा है।
धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में सड़क, संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि सीमाओं पर बसने वाले नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हो। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कई घोषणाएँ भी कीं जिनमें जोहार क्लब मुनस्यारी में इनड स्टेडियम का निर्माण। ग्राम मिलम में नन्दा देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण। ग्राम बिल्जू में सामुदायिक मिलन केंद्र का निर्माण शामिल है।
इस दौरान आईजी संजय गुंज्याल, स्थानीय लोग और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवान मौजूद थे।