परफ्यूम फैक्ट्री में लगी भीषण आग

देहरादून के इंडस्ट्रीयल एरिया सेलाकुई में जय श्री बालाजी इंडस्ट्रीज नामक परफ्यूम फैक्ट्री में मंगलवार को अचानक आग लग गई। आग की भीषण लपटें फैक्ट्री के साथ ही पड़ोसी इकाइयों तक फैल गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने में देहरादून ओएनजीसी से मंगाए गए पानी के टैंकर और दर्जनों दमकल वाहन शामिल रहे। एसडीआरएफ की टीम भी गंभीर स्थिति को देखते हुए राहत कार्यों में जुट गई।
आग के दौरान फैक्ट्री के अंदर रसायनों और एलपीजी सिलेंडरों से विस्फोट की आवाजें सुनाई दीं। प्रारंभिक जांच में दमकल अधिकारियों ने शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर और एसपी देहात पंकज गैरोला समेत पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहे।

आग लगने पर सावधानियां

शांत रहें, घबराएँ नहीं।

101 पर कॉल कर फायर ब्रिगेड को सूचना दें।

लिफ्ट का उपयोग न करें, सीढ़ियों से निकलें।

धुएं में फंसने पर नाक-मुँह गीले कपड़े से ढकें।

कमरे में फंसे हों तो दरवाजे-खिड़कियों के छेद को तौलिये/चादर से बंद करें।

धुएं से बचने के लिए जमीन पर लेटें।

आग बुझाने के लिए पानी, बालू या मिट्टी का इस्तेमाल करें।

घायलों को प्राथमिक उपचार कर अस्पताल पहुँचाएँ।

More posts